Tag Archives: Jagdish Savita Poems

एकलव्य

कैसा बेशर्म ट्यूटर था
एक मिनट पढ़ाया
और बरसों बाद बोला-
‘लाओ मेरी फीस’
उस लड़के को देखो
(कहाँ चरने चली गई थी अक्ल?)
अंगूठा काट कर सामने रख दिया
सीधा-सादा
ट्राइबल था बेचारा
आ गया रोब में
अब बांधता फिर उम्र भर पानी की पट्टी!
शर-संधान तुझसे होगा नहीं
भविष्य में
नहीं कर पाएगा
कुत्तों को अवाक्!

© Jagdish Savita : जगदीश सविता

 

सावित्री

पक्की ऑडिटर थी सावित्री
क्वेरी पर क्वेरी कर के
पकड़ ही ली यमराज की इर्रेगुलरिटी
आख़िर करा ही ली
अपने हसबैण्ड की सोल की रिकवरी
इसको कहते हैं एफिशिएंसी!

© Jagdish Savita : जगदीश सविता

 

संजय

मैं कवि, मैं संजय
आह दिव्य दर्शन
बन गया वरदान भी अभिशाप!

एक सत्ता-अन्ध
एक निस्सत्व
ओ रे लोलुपो!
ठहरो
तुम्हारे हेतु
धरती पूत बँट कर रह गए
कट-मर रहे हैं!
ठहर युग के कृष्ण!
मत बुन भ्रान्तियों का जाल
उसको फेंकने दे अस्त्र
वह एक द्रवित मानव!
देख
काम आ जाएंगे अभिमन्यु
यहाँ कुछ न बचेगा
मात्र शर-शैया पर लेटा भीष्म
और सुनसान!
जो जीतेंगे वह भी गल मरेंगे!

क्या कहा
मुझको नहीं अधिकार
दूँ मैं सीख
मेरा काम केवल
दीठ के जो सामने
कहता-सुनाता रहूँ
उस मृत प्राय: अन्धे को
कि जिसके नाम का शासन
हाँ बस नाम का ही!

मैं कवि मैं संजय
आह दिव्य दर्शन
बन गया वरदान भी अभिशाप!

© Jagdish Savita : जगदीश सविता

 

दधीचि

ये लो
सम्भालो मेरी अस्थियाँ
कर लो वज्र का निर्माण
नहीं रह पाओगे नपुंसक
जो भी आसुरी है
लग जाएगा ठिकाने
सूत्रपात होगा
नए कल्पान्तर का!

© Jagdish Savita : जगदीश सविता

 

अश्वत्थामा

किंवदंती है कि अश्वत्थामा अमर है। छल से उसने द्रौपदी के पाँच नन्हे-निरीह शिशुओं का वध किया तो पाण्डवों ने दण्ड स्वरूप उसकी मस्तक मणि को निकाल लिया। मर वह सकता नहीं था।

कहते हैं आज भी कमण्डल में रखे लेप से उस अगम घाव को भरता इधर-उधर भटकता रहता है। कुछ का कहना है कि उन्होंने देखा है, उनसे मिला है।

मुझे-
अमरता को मेरी
शापित करने से पूर्व
-बताया जाए
कब किस दुर्योधन से-
किस पांचाली के निरीह शिशुओं का
मैंने रक्त बहा
-मित्रता निभाई?
मेरे कारण
बोलो
कब, किस धर्मराज का गला अंगूठा?

फिर मुझको क्यों दिया जा रहा
यह कठोर दुस्सह दण्ड?
न छीनो
हाय! न छीनो
मेरी मस्तक मणि को!
यह तो ज्ञात तुम्हें भी है कि
मैं मरने वालों में नहीं

मगर
यह घाव अगम
क्या कभी भरेगा?
हो पाएगा रिक्त कमण्डल
कभी लेप से?
छिन दो छिन को ही सही
पड़ेगा चैन कभी पीड़ा को?

या मैं युगों-युगों तक
सारे जग से आँख चुराए
पर्वत-पर्वत
घाटी-घाटी
यूँ ही भ्रमता फिरूँ
झल्लाता!

© Jagdish Savita : जगदीश सविता

 

 

प्रामिथस

प्रामिथस स्वर्ग से ज्ञान की आग चुरा लाया था। दण्ड स्वरूप स्वर्ग के मालिक ज्रियस ने उसे एक चट्टान से बंधवा दिय। हर सुबह आसमान से एक बाज़ उतरता और प्रामिथस के जिगर को नोच-नोच कर खाता। वर्षों उसे यह दण्ड दिया गया। मिथक के अनुसार कालान्तर में हरक्युलिस के हाथों वह इस दुधर्ष दण्ड से मुक्त हो पाया।

ओ रे ओ!
मेरे जग के शासक कठोर!
स्वीकारता हूँ
मैं लुक-छिप
तेरा मर्म चुरा लाया था-नीचे
यह अंगारा
आपेक्षित था
भोली और निरीह
भटकती
ठोकर खा खा गिरती-उठती
तेरी रौरव क्रूर यातना की शिकार
मेरी प्यारी दुनिया कोऋ
आवश्यक था
मैं कर गुज़रूँ
यह तुझको जो आज-
ठीक ही
-लगता है
मेरा संगीन ज़ुर्म
अक्षम्य पाप!

उफ रे तेरा भीषण प्रकोप!
आलोक मुखर जागृति हमारी
हम दुनियादारों की
केवल इसीलिए क्या
फौलादी ज़ंजीरों में जकड़ा तन तूने
चट्टानों के साथ
बांध रखा है?
लेकिन
एक मेरा मन भी है पागल!
उसको बांधे तो मैं जानूँ

यह ज़ालिम ख़ुंखार बाज़
हर रोज़ पठाया तेरा
सूने में से तैर आता है
मेरा जिगर नोच खाने को…

खा ले
नित्य नया निर्माण
यहाँ भी
कभी न रुक पाएगा!
बतला
क्या ऐसा भी हुआ
कि तेरा तातारी यह
कभी लौटा पहुँचा होवे अतृप्त?
नहीं ना!
पर तू दिलवालों को भी पहचाने
तब तो!

विश्व नियंता सही
मगर तू हृदयहीन है!

जाने भी दे
क्या रखा है
इस थोथे प्रभाव हीन रोष में?
हम
और तुझ से
अब भी हों भयभीत?
नहीं
बस बहुत हो चुकाऋ
तनी-तनी ये भौहें
चढ़ा-चढ़ा सा चेहरा
यह मुद्रा विद्रूप
हँसी आती है सचमुच!

देख
आज तक जिन्हें
बहुत बहकाया
भरमाया, भटकाया
और सताया तूने

उनके संग रुपहली
और धुपहली
और सुनहली
ऊषा फागुन खेल रही है!

© Jagdish Savita : जगदीश सविता

 

महाकाव्य

रामायण-
कहानी है भले मानुषों की
इसका तो रावण तक
ख़ासा मर्यादित है

पात्र हैं महाभारत के
एक से बढ़ कर एक
लम्पट शान्तनु
कुण्ठाओं का गट्ठड़ भीष्म
भाड़े का टट्टू द्रोण
और निरीह शिशुओं का हत्यारा
उसका कुलदीपक,
दूरदर्शी संजय
अन्धा धृतराष्ट्र
फूट चुकी थीं जिसकी
हिये की भी!

गान्धारी
जिसकी आँखों पर
वाकई पट्टी बंधी थी
कुँआरी माँ कुन्ती
पाँच भाइयों की कॉमन प्रॉपर्टी पांचाली
सत्ता के नशे में चूर दुर्योधन
और उसका महा उस्ताद मामा
मुँह की खाने वाला दानवीर
बिना सोचे-समझे
चक्रव्यूह में कूद जाने वाला अभिमन्यु
धर्मी-कर्मी युधिष्ठिर
पहलवान भीम
नपुंसक धनुर्धारी
और उसकी गाड़ी खींच ले जाने वाला
छलिया कृष्ण
जिसे भगवान मान लेने में ही ख़ैर
लड़ाई में खेत हुए कौरव
जीत के बाद भी
गल-गल मरने वाले पाण्डव
ये सभी
मानो चिल्ला-चिल्ला कर कह रहे हों-
”हम आज भी हैं
महाभारत कभी ख़त्म नहीं होता…”

© Jagdish Savita : जगदीश सविता

 

यशोधरा

अब की बार
निशाने पर थे तथागत!
पूरा प्रबन्ध काव्य रचा गया
सशक्त और छन्दोबद्ध भाषा में
सिद्ध कर दिया
कि भटक गया था वह
बुद्ध हो कर भी रहा अधूरा
सम्पूर्ण थी केवल यशोधरा
अपने दुधमुँहे के साथ!

© Jagdish Savita : जगदीश सविता

 

अलिफ़ लैला

शाह की सबसे चहेती मलिका बेवफ़ा निकली। औरत ज़ात से नफरत हो गई। हर रोज़ नई शादी करता, हर रात सुहागरात। मगर सुबह होते ही हर नई दुल्हन को मौत के घाट उतार दिया जाता। सहराज़ादी, उसके बूढ़े मंत्री की बेटी। उसने भी नृशंस शाह के साथ शादी रचाई। मगर अपने साथ ले गई अपनी छोटी-सी बहन को। रात को सोने से पहले छोटी बहन ने कहानी सुनने की ज़िद्द की। सहराज़ादी ने कहानी छेड़ी जो सुबह तक ख़त्म नहीं हुई। शाह को भी अच्छी लगी। यूँ ही कहानी में से कहानी निकलती चली गई। पूरी 1001 रातें बीत गईं। शाह का हृदय परिवर्तन हुआ। सहराज़ादी आख़िर तक उसकी मलिका बनकर जी।

नीड़ छोड़कर उड़ चला कल्पना पाखी
वह देखो भर रहा काकली
चुभो-चुभो कर चोंच शून्य में मेरे
मण्डराता फिर रहा
बुद्धि के चक्रव्यूह पर

सांझ ढले
रोमिल डैनों के चप्पू
कहाँ तुझे तैरा लाए
रे पगले!

अलिफ़ लैला का माया लोक
बहुत दिन हुए
यहीं तो
राजदुलारे स्वप्न लला
रुन-रुना-रुना आनन्द पैंजनी
किलक-थिरक नाचा करते थे!

दूर खजूरों के पीछे
वह देखो वह
नया ईद का चांद उभर आया है
ऊँची मीनारों से
अल्लाऽऽऽहू अकबर
अल्लाऽऽऽहू अकबर
उठने लगी अज़ानें

दूध नहाए गुंबद
देख रहे हैं
क्या कोई मरमरी स्वप्न?

विरही होगा
जो दूर
रात के सन्नाटे में
बैठा अपनी तड़प कस रहा है
रुबाब के तारों पर

कहवाख़ानों में
दूर-दूर के सौदागर
अपनी थैली के गौहर
नाच लुभा लेने वाले
गुलबदन सनम की अदा-अदा पर
लुटा रहे हैं!

आहिस्त:
आहिस्त:
किसी प्रेत की दन्तावलि-सी
अंधियारे में चमक रहीं
अधखुली खिड़कियाँ
उस नृशंस शाह के महलों की
जिसकी नित्य नई दुल्हनें
हज़ारों
अपनी-अपनी सुहागरात का
देख न पाईं कभी सवेरा!

सहराज़ादी
बूढ़े मंत्री की वह सुघड़ साहसी बेटी
क्या अभिनय कर रही सुलाने का
अपनी नटखट गुड़िया को
बड़ी चतुर है-
जान-बूझ कर
बहुरंगी गाथा-गुत्थी के
लच्छों पर लच्छे
उलझाने लग गई
वाह री गल्प मोहिनी तेरा जादू
फँसा लिया निर्मम साजन को!

बाहर
यह लो लगी सरकने
आसमान के पल्लू की झिलमिली किनारी
प्राची की दुल्हन का
गया उघड़ वह अलस लजाया मुखड़ा
इधर
निशा के मसि पात्र में
झुटपुट घुलने लगी सफेदी

कौन नगरिया
बढ़ा चला जा रहा कारवाँ
टिनटिना टालियाँ
पलकों पर कर रहीं टोटका
नयन झील में लगी तैरने
स्वप्न फरिश्तों की अल्हड़ अलमस्त टोलियाँ
घिर-घिर आने लगी निदरिया!

© Jagdish Savita : जगदीश सविता

 

पाञ्चजन्य

भुरभुरे आवरण को
लिजलिजाते बरसाती कीड़े
समझते हैं दुर्भेद्य कवच!
इन्हीं अनोखे खिलौनों से
खेलते हैं नटखट बालक
बहुधा करते हैं छेड़छाड़
और फेंक देते हैं कहीं के कहीं
हज़ारों तो बूट तले दब-पिस जाया करते हैं

अचरज की बात
वासुदेव का पाञ्चजन्य
जिसके उद्धोष से
आतताइयों के अन्तर दहल जाते थे
-इसी परिवार
इन्हीं घोंघों का पूर्वज रहा था कभी!

© Jagdish Savita : जगदीश सविता